रामपुर बुशहर। रामपुर में निजी स्कूलों में फीस वृद्धि के खिलाफ युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। युकां ने कहा कि रामपुर में निजी स्कूलों में 33 प्रतिशत तक फीस बढ़ोतरी की गई है। शिक्षा के नाम पर गोरखधंधा चल रहा है। निजी स्कूल मात्र पैसे बटोरने का काम कर रहे हैं। रामपुर में निजी स्कूलों में खेल मैदान तक नहीं हैं। इसी मुद्दे को लेकर युवा मोर्चा ने शुक्रवार को एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान को ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में जल्द कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार को एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में युवा कांग्रेस रामपुर ने आरोप लगाया है कि रामपुर के सभी निजी स्कूलों में हर साल फीस बढ़ाई जा रही है। वहीं सुविधाएं नाममात्र हैं। बीते वर्ष एक निजी स्कूल ने दस प्रतिशत फीस वृद्धि का आश्वासन दिया था, लेकिन इस बार 33 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी की गई है, जो कि गलत है। जब स्कूलों में उस तरह की सुविधाएं मुहैया नहीं करवाई जा रही हैं तो फीस बढ़ोतरी क्यों? पहले भी कई मर्तबा अभिभावक फीस बढ़ोतरी को लेकर आवाज उठा चुके हैं। बावजूद इसके निजी स्कूलों की मनमानी नहीं थम रही है।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि जब परियोजना ने डीएवी स्कूल दत्तनगर को एक रुपये लीज में दिया हुआ है, तो चार हजार रुपये वार्षिक फीस क्यों ली जा रही है? युकां ने चेताते हुए कहा कि यदि इस मामले में जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेंगे। इस मौके पर युकां अध्यक्ष जसवीर ठाकुर, उपाध्यक्ष सोनू भलूनी, शहरी युवा कांग्रेस अध्यक्ष ध्रुव शर्मा, शिमला लोकसभा महासचिव अंकुर शर्मा, महासचिव जतिन मेहता, आरपी नेगी, संतोष कायथ और हिमांशु सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।