निरमंड (कुल्लू)। प्राथमिक शिक्षक संघ खंड निरमंड के त्रिवार्षिक चुनाव में अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार सोहन वर्मा ने कब्जा किया है। संघ के जिला महासचिव बिहारी परमार और प्रदेश संरक्षक इंद्र ठाकुर की देखरेख में स्थानीय राजमाता शांति देवी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निरमंड में चुनाव संपन्न हुए। इन चुनावों में अध्यक्ष पद का निर्णय मतदान से किया गया।
इस दौरान आमने-सामने के सीधे मुकाबले में सोहन वर्मा ने अपने प्रतिद्वंद्वी गोपाल चौहान को 92 के मुकाबले 111 मत हासिल करके करीब 19 मतों से शिकस्त दी। निरमंड खंड के मुख्य संरक्षक गणेश शर्मा द्वारा पूर्व में ही घोषित पैनल में सोहन वर्मा को अध्यक्ष घोषित कर दिया गया था। पूर्व घोषित पैनल के मुताबिक नवनिर्वाचित अध्यक्ष सोहन वर्मा ने अपनी कार्यकारिणी में रविंद्र डोगरा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डोला राम को महासचिव, मोहर बिट्टू को कोषाध्यक्ष और ममता कश्यप को महालेखाकार का दायित्व सौंपा।
इस मौके पर मुख्य संरक्षक गणेश शर्मा और नवनिर्वाचित अध्यक्ष सोहन वर्मा ने संघ के तमाम सदस्यों को आश्वस्त किया कि नई कार्यकारिणी पूर्व की भांति अपने कार्य को निष्ठापूर्वक निभाएगी और अध्यापकों की मांगों को समय-समय पर सरकार के समक्ष उठाएंगे।