रिकांगपिओ (किन्नौर)। ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना कैंप का बुधवार को समापन हुआ। इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. विद्या बंधु नेगी ने शिरकत की। मुख्यातिथि ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के शिविरों के आयोजन से विद्यार्थियों में अनुशासन की भावना पैदा होती है वहीं आपसी भाईचारा भी बढ़ता है।
शिविर के समापन अवसर पर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। जिसमें किन्नौरी नाटी, पहाड़ी नाटी, समूह गान और एकल गान आदि कार्यक्रम में पेश किए। वहीं कार्यक्रम अधिकारी शांता कुमार नेगी ने बताया कि शिविर में लगभग 100 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने कॉलेज कैंपस की साफ-सफाई, हॉस्टल की साफ-सफाई और क्यारियों का निर्माण करने के साथ-साथ रास्तों को दुरुस्त किया।
स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया। उन्हें आपदा प्रबंधन के बारे में जानकारी देने के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में भी अवगत करवाया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर राजेश नेगी, प्रोफेसर बालम देवी, प्रोफेसर धर्म कीर्ति, प्रोफेसर गीता नेगी, प्रोफेसर मोहन सिंह, प्रोफेसर गोपीचंद, प्रोफेसर जयंती माला, प्रोफेसर भगवान सिंह, प्रोफेसर सिद्धेश्वरी सहित अन्य विद्यार्थी मौजूद रहे।