ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल के झाकड़ी में एसबीआई शाखा के लॉकर और शाखा के साथ लगे एटीएम को तोड़ने का मामला सामने आया है। मंगलवार को देर रात घटी इस घटना में चोरों ने एसबीआई झाकड़ी की शाखा का मैन गेट तोड़ा और अंदर रखे लॉकर को भी तोड़ने की कोशिश की। इसके साथ ही चोरों ने शाखा के मेन गेट पर लगे एटीएम को भी तोड़ा और पैसे निकालने का प्रयास किया। हालांकि चोरों के दोनों ही प्रयास असफल रहे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रात को करीब दो बजे चोरी के लिए आए चोरों ने अपने चेहरे को नकाब से ढक रखा था। उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और उस के बाद चोरी का प्रयास किया। इसकी सूचना सुबह करीब 9:30 बजे बैंक मैनेजर सुनील कुमार ने झाकड़ी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा और झाकड़ी से थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
वहीं इस संबंध में डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों ने एसबीआई की शाखा के गेट को तोड़ कर अंदर और गेट के बाहर लगे एटीएम में काफी तोड़फोड़ की है। हालांकि उनका चोरी का प्रयास असफल रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
थाने से 100 मीटर की दूरी पर है बैंक शाखा
एसबीआई शाखा झाकड़ी से थाना करीब सौ मीटर की दूरी पर है। वहीं एसबीआई की शाखा के सामने नेशनल हाईवे पर एसजेवीएन की सिक्योरिटी और बैंक के साथ दुकानदारों की रिहायश भी है।