रामपुर बुशहर। रामपुर में ऐतिहासिक एवं पारंपरिक संस्कृति की पहचान संजोए जिला स्तरीय फाग मेला शुक्रवार से धूमधाम से शुरू हो गया। चार दिवसीय मेले में इस वर्ष शिमला और कुल्लू जिले से आए 15 देवी-देवता भाग ले रहे हैं। नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक सूद और अन्य पार्षदों ने देवी-देवताओं का मेले में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। देवताओं के आगमन के साथ चार दिनों तक राज दरबार पद्म पैलेस में मेले की धूम रहेगी।
शुक्रवार को क्षेत्र भर से आए देवी-देवता ढोल-नगाड़ों के साथ राज दरबार मैदान पहुंचे। पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल, नगाड़ों की मधुर ध्वनि और स्वर लहरियों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। लोगों में भी मेले को लेकर काफी उत्साह देखा गया। क्षेत्र भर से आए श्रद्धालु अपने देवी-देवताओं के दर्शनों को आतुर दिखे। राज दरबार स्थित महल के प्रवेशद्वार पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सचिव राम आसरे ठाकुर ने देवी-देवताओं का राज परिवार की ओर से स्वागत किया। इससे पूर्व मेले में देवी-देवताओं ने राजगद्दी को सम्मान दिया।
इस वर्ष मेले में देवता साहिब रचोली, देवता साहिब बसाहरू, देवता साहिब गसो, देवता साहिब डंसा, देवता साहिब शनेरी, देवता साहिब मझेवटी, देवता साहिब धारा सरघा, देवी साहिबा डमेहड़ी, देवता साहिब सूमा, देवी साहिबा बाड़ी, देवता साहिब शोली, देवता साहिब देवनगर, देवता साहिब शलाट, देवता साहिब देवठी छिज्जा और देवता साहिब छोटू भाग ले रहे हैं। इन देवी-देवताओं के साथ अगले चार दिनों तक राज दरबार मैदान में फाग मेले की खूब धूम रहेगी। चार दिनों तक नाटियों के जहां खूब दौर चलेंगे, वहीं देवी-देवताओं की शहर परिक्रमा आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी। इस मौके पर पार्षद पंकज शर्मा, चूड़ामणी शर्मा, उषा चौहान, मीना, नरेश नेगी, सुधांशु कपूर, कमल स्वरूप, अनु गोस्वामी, पूर्व पार्षद ध्रुव शर्मा, चंद्रप्रभा नेगी, विजेश गोयल, मान सिंह, जगदीश शर्मा, संजय मेहता सहित अन्य मौजूद रहे।