ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग में होली पर्व के मौके पर मतदाताओं को वोट करने हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से बुधवार को हस्ताक्षर अभियान छेड़ा गया। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम ठियोग मोहन दत्त शर्मा ने इस अभियान की शुरूआत एसडीएम कार्यालय से की। युवा मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए यह अभियान राजकीय महाविद्यालय ठियोग में प्रधानाचार्या डॉ. अनुपमा गर्ग और नायब तहसीलदार ठियोग अनिल सूद की उपस्थिति में चलाया गया।
महाविद्यालय में युवा छात्र मतदाताओं ने उत्साह के साथ हस्ताक्षर करते हुए शपथ ली। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम ठियोग मोहन दत्त शर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में समस्त मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र की मजबूती सुनिश्चित की जा सकती है।
आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए ठियोग विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को जागरूक करने का व्यापक अभियान शुरू किया गया है। इसी कड़ी में होली के अवसर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें विशेषकर युवा एवं नए पंजीकृत मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।