ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की दो पंचायतों के हजारों लोगों को सुविधा देने वाली बड़ाच-देलठ-छलाण सड़क रविवार को भारी भूस्खलन होने के कारण यातायात के लिए बंद हो गई है। सड़क बाधित होने से सुबह से लेकर शाम तक ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने बाधित मार्ग को बहाल करने के लिए मशीन और मजदूर तैनात कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 8:30 बजे बड़ाच-देलठ-छलाण सड़क पर भारी भूस्खलन होने के कारण बड़े-बड़े पत्थर आने से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। ऐसे में रामपुर से ननखड़ी जाने वाली बस भी ननखड़ी नहीं पहुंच पाई। इस कारण क्षेत्र की देलठ और करांगला पंचायत के हजारों लोगों को आवाजाही करने में भारी परेशानियां झेलनी पड़ी। सड़क बाधित होने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने बाधित मार्ग को बहाल करने के लिए जेसीबी मशीन और मजदूरों को लगाया है, लेकिन बड़ी-बड़ी चट्टानों को हटाने में काफी समय लग रहा है।
क्षेत्र के ग्रामीण रोहित मेहता, रिंकू, सुरेंद्र, देवेंद्र, सतपाल, मेहर सिंह, श्याम लाल, रक्षपाल, रणबीर मेहता, सुशील, रमन सहित अन्यों ने स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द बाधित मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करने की मांग की है।
जल्द बहाल की जाएगी सड़क
लोक निर्माण विभाग रामपुर के कनिष्ठ अभियंता गोवर्धन शर्मा ने कहा कि भारी भरकम चट्टानों को हटाने में समय लग रहा है। मार्ग बहाली के लिए विभाग ने जेसीबी मशीन और मजदूरों को तैनात कर दिया है। जल्द ही मार्ग बहाल कर वाहनों की आवाजाही शुरू की जाएगी।