फार्मासिस्ट के तबादले से ग्रामीणों में रोष
खड़ाहण में तैनात फार्मासिस्ट तीन पंचायतों में दे रहा सेवाएं
तीन पंचायतों के सैकड़ों पशुपालकों को झेलनी होगी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की खड़ाहण पंचायत स्थित पशु औषधालय में तैनात पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट के तबादले को लेकर ग्रामीणों ने रोष जताया है। खड़ाहण पशु औषधालय में तैनात फार्मासिस्ट के हाल ही में तबादला आदेश जारी हुए हैं। उक्त फार्मासिस्ट जूणीं पशु औषधालय का काम भी डेपुटेशन पर तीन साल से संभाल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार ऐसे में यदि उपरोक्त फार्मासिस्ट का तबादला होता है तो तीन पंचायतों के सैकड़ों पशुपालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना होगा।
खड़ाहण पंचायत प्रधान कमलानंद, उप प्रधान जाहु कुलदीप ठाकुर, नरेश श्याम, मंजीत, नरेंद्र ठाकुर, लकी, सतपाल, मनदीप, रीनू, विक्की, राजेंद्र, पिंकू, दिनेश, सुमित्रा, सुषमा और अनिता सहित अन्य पशुपालकों के अनुसार जब तक उपरोक्त पशु औषधालय में नए फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं हो जाती, तब तक इस फार्मासिस्ट को यहां से न भेजा जाए। पहले ही औषधालयों में फार्मासिस्ट की कमी से पशुपालकों को भारी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। इस संबंध में दत्तनगर स्थित पशुपालन विभाग के डॉ. संजय नेगी ने कहा कि खड़ाहण स्थित पशु औषधालय में तैनात फार्मासिस्ट को रिलीव नहीं किया गया है। विभाग अधिकारियों से निर्देश आने पर फार्मासिस्ट को भेजना पड़ेगा।