आपात परिस्थितियों से निपटना सीखा
गृह रक्षा कंपनी चिड़गांव एवं दमकल विभाग रोहडू ने लगाया कैंप
स्थानीय लोग और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लिया भाग
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। गृह रक्षा कंपनी चिड़गांव एवं दमकल विभाग रोहडू की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संदासु में आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान अस्पताल कर्मचारियों सहित स्थानीय लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की आवश्यक जानकारियां दी गई। शिविर में आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव दल की ओर से प्रयोग किए जाने वाले तकनीकी उपकरणों का प्रयोग प्रदर्शित किया गया। इस दौरान घटना स्थल से घायलों को सुरक्षित निकालने, उन्हें प्राथमिक उपचार देने तथा आग बुझाने के तरीकों से भी अवगत करवाया गया।
गृह रक्षा कंपनी के कमांडर राजेंद्र संगटान ने बताया कि शिविर में आपदा प्रबंधन से निपटने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। आगजनी की घटनाओं और भूकंप के समय अपनी सुरक्षा करने के तरीकों की लोगों को जानकारी दी। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस मौके पर अग्निशमन अधिकारी रोहडू सेवक राम, वरिष्ठ प्लाटून कमांडर राजकमल, प्लाटून हवलदार सुरेंद्र दत्त, प्रशामक सीताराम और दिनेश सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।