मेडिकल बिलों और यात्रा भत्तों का हो भुगतान
भामसं मंडल रोहड़ू की बैठक में लंबित मुद्दों पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना शुरू करने पर हर्ष
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। भारतीय मजदूर संघ मंडल रोहड़ू की बैठक में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना शुरू करने पर सदस्यों ने हर्ष जताया। वहीं सभी विभागों के कर्मचारियों को बकाया मेडिकल बिलों और यात्रा भत्तों का भुगतान करने की मांग उठाई गई। बैठक मंडल अध्यक्ष नेगी राम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस दौरान राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी संघ के राष्ट्रीय महामंत्री विपिन डोगरा ने बतौर विशेष अतिथि शिरकत की।
भामसं रोहड़ू मंडल के सचिव रुप लाल शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए श्रम मानधन पेंशन योजना शुरू की है। यह योजना श्रमिकों के वरदान साबित होगी। बैठक के दौरान विभिन्न अन्य मांगों को भी उठाया गया। भामसं की मांग है कि पुरानी पेंशन को बहाल किया जाए। केंद्रीय वेतनमान लागू किया जाए। सेवानिवृत्त आयु 60 वर्ष की जाए। जलरक्षकों को नियमित किया जाए। पटवारवृत्त अंशकालिक कर्मियों को दैनिक भोगी बनाकर न्यूनतम वेतन दिया जाए। आंगनबाड़ी कर्मियों व आशा कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए। चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को योग्यता और वरिष्ठता के आधार पर तृतीय श्रेणी के पदों पर पदोन्नत किया जाए। परिवहन निगम में कर्मचारियों को सभी भत्ते समय पर दिए जाए। इस मौके पर बालक राम मोल्टा, देविंद्र रयाण, मनोज शर्मा, चमन शर्मा, कुसुम, राम लाल, किशोर, राजिंद्र झामटा और बबीता शर्मा भी उपस्थित रहे।