पार्किंग निर्माण के लिए किया भूमि कटान बना आफत
रोहड़ू-रामपुर मुख्य मार्ग कभी भी आ सकता है भूस्खलन की चपेट में
दो साल पहले शुरू काम पड़ा है ठप, न बनी पार्किंग, न लगी दीवार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। बाजार के समीप बहुमंजिला पार्किंग निर्माण के लिए किए गए भूमि कटाव के कारण रोहड़ू-रामपुर मुख्य सड़क कभी भी भूस्खलन की जद में आ सकती है। ठेकेदार की लापरवाही के कारण सड़क पर दरारें आ चुकी हैं। जिस कारण सड़क पर कोई भी बढ़ा हादसा हो सकता है।
रोहड़ू-रामपुर मार्ग पर डीडी गाड़ में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण दो वर्ष पहले ठेकेदार ने शुरू किया था। पीपी मोड पर बनने वाले पार्किंग के लिए मुख्य सड़क के नीचे भूमि का कटाव किया गया। बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए हैं। उसके बाद दो साल से निर्माण कार्य अधर में है। भूमि कटान के बाद ठेकेदार ने न तो कोई सुरक्षा दीवार लगाई और न ही निर्माण कार्य की कोई सुध ली। ठेकेदार की लापरवाही से सड़क गिरने के कगार पर आ गई है। जिसके स्थान पर भूमि का कटाव ठेकेदार की ओर से किया गया, वहां रविवार रात भारी भूस्खलन हुआ है। जिससे सड़क के नीचे की मिट्टी ढह गई है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही काफी अधिक है। अगर समय रहते कोई पुख्ता कदम नहीं उठाए गए तो सड़क पूरी तरह से गिर जाएगी। जिससे रामुपर सहित रोहड़ू क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक पंचायतों का संपर्क मार्ग कट जाएगा। मार्ग अवरुद्ध होने से क्षेत्र के हजारों को लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसी स्थान पर कुछ मार्ग पूर्व एक वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। जिसमें एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण नगर परिषद की ओर से करवाया जा रहा है।
वहीं इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष राधेश्याम के अनुसार भूस्खलन होने से सड़क खतरे की जद में आ गई है। ठेकेदार को सूचित कर दिया गया है। ठेकेदार को कहा गया है कि इस संबंध में जल्द कार्रवाई करे।