सराहन और रामपुर समेत सात मंदिरों का होगा कायाकल्प
भीमाकाली ट्रस्ट के तहत मंदिरों के पुनर्निर्माण, मरम्मत में जुटा पर्यटन विभाग
मंदिरों के कायाकल्प में पर्यटन विभाग खर्च कर रहा है करोड़ों रुपये
मोहन मेहता
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। प्रदेश पर्यटन विभाग भीमाकाली मंदिर ट्रस्ट के मंदिरों का पुनर्निर्माण और मरम्मत करवा रहा है। जिस के तहत ट्रस्ट के भीमाकाली मंदिर सराहन के एक हिस्से का पुनर्निर्माण, रामपुर में गुफा मंदिर, नर सिंह मंदिर, बौद्ध मंदिर, बच्चा मंदिर और दत्तनगर के दत्तात्रेय मंदिर में कुछ नया और कुछ रंग रोगन और मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। इन मंदिरों के कायाकल्प में पर्यटन विभाग करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है।
सराहन मां भीमाकाली मंदिर परिसर का एक हिस्सा जो गिरने की कगार पर था। विभाग उसे उखाड़ कर पुरानी शैली में पूर्ण निर्माण करवा रहा है। मंदिर पहले की तरह ही दिखे इसके देवदार की ज्यादा लकड़ियों का प्रयोग किया जा रहा है जबकि छत भी पुरानी शैली में काले स्लेट की ही लगाई जा रही है। ट्रस्ट के दत्तनगर में दत्तात्रेय मंदिर में भी काफी नया निर्माण होना है। नए निर्माण के बाद दत्तात्रेय मंदिर का कायाकल्प हो जाएगा। इस संबंध में पर्यटन निगम के परियोजना प्रबंधक सोम नाथ शर्मा ने बताया कि सराहन मंदिर परिसर का कार्य चल रहा है। मंदिर को पहले जैसा आकर्षक बनाने के लिए लकड़ी और पत्थरों को मशीन से काटा जा रहा है। दत्तात्रेय दत्तनगर और रामपुर में सभी मंदिरों में कार्य होना है।