लूहरी परियोजना में राष्ट्रीय सुरक्षा
जागरूकता सप्ताह का समापन
अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा से संबंधित दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। लूहरी जलविद्युत परियोजना में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरूकता सप्ताह का समापन सोमवार को किया गया। इस मौके पर परियोजना प्रमुख आरएल नेगी ने शिरकत की।
उन्होंने अधिकारियों/कर्मचारियों से अपने कार्यक्षेत्र एवं अपने आस-पास सुरक्षा के साथ कार्य करने और सभी कर्मचारियों को अपने कार्य करते हुए सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इसी कड़ी में सुरक्षा विभागाध्यक्ष राजेंद्र सचदेवा, उप-महाप्रबंधक ने भी उपस्थित अधिकारियों / कर्मचारियों को सुरक्षा से संबधित उपायों से अवगत करवाया। सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष तौर पर पुलिस थाना प्रभारी, कुमारसैन और अग्निशमन केंद्र, रामपुर और स्वास्थ्य से संबंधित हेल्पएज इंडिया के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी आमंत्रित किया गया था।
थाना प्रभारी, कुमारसैन फूल चंद ने उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों को यातायात सुरक्षा नियमों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। रामपुर अग्निशमन केंद्र के अधिकारी केशव सिंह नेगी ने अग्निशमन यंत्रों के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी और अग्नि पर नियंत्रण करने के उपायों को प्रदर्शित करके दिखाया। डॉ. शमशेर सिंह नेगी ने स्वास्थ्य से संबधित विस्तारपूर्वक जानकारी दी। राष्ट्रीय सुरक्षा जागरुकता सप्ताह के दौरान आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को परियोजना प्रमुख द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। परियोजना प्रमुख द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद् का झंडा उतार कर एवं कार्यक्रम समापन की घोषणा के साथ किया गया। इस अवसर पर राजेंद्र सचदेवा सुरक्षा विभाग अध्यक्ष के साथ सभी विभाग अध्यक्ष राजेश शर्मा, विकास महाजन, अक्षय आचार्य, एसके भटनागर, ओपी नेगी, भू अर्जन अधिकारी भी उपस्थित रहे।