खड़ापत्थर में बीयर बार खोलने
के प्रस्ताव का लोगों ने किया विरोध
पराली पंचायत में हुई ग्रामसभा में लोगों ने सौंपा मांग पत्र
पंचायत की ओर से एनओसी न देने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। खड़ापत्थर में बीयर बार खोलने के प्रस्ताव का स्थानीय महिलाओं और लोगों ने विरोध किया है। रविवार को पराली पंचायत में हुई ग्राम सभा में बीयर बार खोलने के प्रस्ताव को खारिज करने की मांग उठाई गई। इस संबंध में लोगों ने स्थानीय पंचायत को लिखित में मांगपत्र भी सौंपा है।
स्थानीय निवासी इंद्र चौहान, महिला मंडल डीम की प्रधान सुनीता, महिला मंडल जटाड़ी की प्रधान आशा देवी, उर्मिला, कला ठाकुर और कांता देवी ने बताया खड़ापत्थर में बीयर बार खोलने का प्रस्ताव बार-बार पंचायत की ग्राम सभाओं में लाया जा रहा है। जिसका स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। खड़ापत्थर में बीयर बार खुलने से कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है। इसलिए कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जरूरी है कि खड़ापत्थर में बीयर बार न खोला जाए। इस संबंध में पंचायत को लिखित में मांग पत्र सौंपा गया है। रविवार को हुई ग्राम सभा में भी बीयर बार खोलने का विरोध जताया गया है। ग्रामीणों की मांग है कि बीयर बार खोलने की पंचायत की ओर से एनओसी न दी जाए।
स्थानीय निवासी हरदयाल सिंह, राकेश, रितिक, अमर सिंह, शोभ राम, आशा, विजय कुमार, सुरेश कुमार, कलावती, ओमप्रकाश, चंद्रकांता, शारदा देवी, सत्यादेवी, कला ठाकुर, शांता, तारा, निर्मला, सुमन, लता, देविंद्र सिंह, जिया लाल, मुकंद लाल, भीम चंद, वीना, उमा देवी सहित करीब सत्तर ग्रामीणों ने खड़ापत्थर में बीयर बार न खोलने की मांग उठाई है।