तीन माह से बंद पड़ी शिमला
माटल-लाणीबम्टा बस सेवा
लोगों को केवल दो महीने ही बस सेवा का मिला लाभ
मौसम खुलने पर सड़क को किया जाएगा दुरुस्त : लोनिवि
अमर उजाला ब्यूरो
चौपाल। शिमला-माटल-लाणीबम्टा बस सेवा तीन माह से बंद पड़ी है। जनवरी माह में हलकी बारिश के बाद से ही इस सड़क पर बस सेवा बंद कर दी गई थी। लोगों में रोष है कि तीन माह बीत जाने के बाद भी अभी तक इस सड़क को लोक निर्माण विभाग दुरुस्त नहीं कर रहा है। इससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा ने सात नवंबर 2018 को इस सड़क पर बस सेवा को हरी झंडी दिखाई थी। स्थानीय लोगों को केवल दो माह नवंबर और दिसंबर में ही इस बस सेवा का लाभ मिल पाया। उसके बाद से अभी तक बस सेवा ठप पड़ी है। प्रधान ग्राम पंचायत बम्टा योगीन्द्रा शर्मा, पंचायत समिति सदस्य पूनम मानटा, पूर्व प्रधान लायक राम नामटा, योगेश चौहान, रमन चौहान, सुरेश चौहान, माधो राम, मोहिंद्र सिंह, आत्मा राम, दविंदर सिंह, जोगिन्दर सिंह, अनिल चौहान, बिट्टू झगटा, सोहन लाल, चंदर सिंह आदि ने लोनिवि से जल्द से जल्द सड़क को दुरुस्त करने का आग्रह किया है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जयराम ठाकुर के अनुसार भारी बर्फबारी के कारण सड़क पर दलदल हो गया था। बीच-बीच में दोबारा लगातार बारिश होती रही। अब मौसम खुलने पर इस सड़क को दुरुस्त किया जा रहा है।