अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। डाक विभाग की ओर से रोहड़ू उपमंडल में डाक मेले का आयोजन किया गया। परिधि गृह रोहड़ू में आयोजित डाक मेले में डाक मंडल शिमला के अधीक्षक बली राम और डाक विभाग रोहड़ू मंडल के निरीक्षक मनोज कुमार भी मौजूद रहे। डाक मेले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों डॉली, त्रिलोक, हिना, नेहर सिंह, देविंद्र, पुनीत आदि को सम्मानित किया गया।
डाक मेले के दौरान विभाग के कर्मियों को आगामी वित्त वर्ष के दौरान अपने कार्यक्षेत्र में लोगों को अधिक से अधिक डाक जीवन बीमा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। डाक निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि हमारा लक्ष्य हर घर के प्रत्येक सदस्य को डाक जीवन बीमा का सुरक्षा कवर देना है। डाक मेले में उपस्थित लोगों ने 1.85 करोड़ की लागत से डाक जीवन बीमा करवाया। 3.94 करोड़ ग्रामीण डाक जीवन बीमा किया गया। इसके अतिरिक्त बचत बैंक के 987 नए खाते खोले गए। सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत पात्र कन्याओं के 86 खाते खोले गए। डाक मेले में आईपीपीबी के क्षेत्रीय सेल्स प्रबंधक देवराज ने इंदिया पोस्ट पेमेंट बैंक के बारे में विभाग के कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर 363 आईपीपीबी के खाते भी खोले गए।