अमर उजाला ब्यूरो
कोटखाई। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटखाई के लिए बना रास्ता कई महीने पहले हुए भूस्खलन के कारण ध्वस्त हो गया है। स्कूल पहुंचने के लिए छात्रों को लोगों के खेतों और बगीचों से गुजरना पड़ रहा है। अब लोगों ने बगीचों से रास्ता देने से इनकार कर दिया है तो ऐसे में बच्चों और शिक्षकों को काफी परेशानी झेलनी होगी।
बारिशों के कारण करीब दो महीने पहले कोटखाई छात्र वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल का रास्ता ध्वस्त हो चुका है। मुख्य सड़क से करीब पांच सौ मीटर पैदल रास्ते से स्कूल पहुंचना संभव नहीं है। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान और सदस्य राकेश ताजटा ने बताया कि स्कूल में छठी कक्षा से जमा दो तक करीब 125 विद्यार्थियों और 30 के करीब स्कूल स्टाफ लोगों के खेतों और बगीचों से होकर स्कूल पहुंच रहा है। आजकल स्कूल में बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं, वहीं बगीचों में फल फूल आने के बाद लोग भी रास्ते बंद करने वाले हैं। स्कूल के लिए रास्ता पूरा क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसको बनाने के लिए कई बार सरकार से आग्रह किया जा चुका लेकिन अभी तक इसको अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग से मांग की है कि स्कूल के लिए रास्ता बनाने की शीघ्र पहल की जाए। खराब रास्ते से लोगों का चलाना संभव नहीं है।