पांच रूट पूरी तरह और 15 रूटों
पर आधे रास्ते तक जा रही हैं बसें
बर्फबारी के दो दिन बाद भी पटरी पर नहीं लौटा जनजीवन
रोहड़ू और आदर्शनगर में फंसी परिवहन निगम की बसें
एनएच 305 भी नहीं हो पाया यातायात के लिए बहाल
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। मंगलवार और बुधवार को हुई भारी बर्फबारी के कारण रामपुर उपमंडल के ग्रामीण इलाकों में जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त बना हुआ है। क्षेत्र के अधिकांश रूटों पर बर्फबारी होने के कारण आधे रास्ते तक ही निगम की बसों को भेजा जा रहा है। उपमंडल के पांच रूट पूरी तरह बंद पड़े हैं, वहीं 15 रूटों पर आधे तक ही बसों की आवाजाही हो रही है। एनएच 305 जलोड़ी जोत में बाधित होने के कारण आनी और निरमंड तहसील के लोगों को जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचने में दिक्कतें पेश आ रही हैं।
मंगलवार को हिमपात होने के बाद रोहडू और आदर्शनगर रूट में परिवहन निगम रामपुर की दो बसें फंस गई हैं। उपमंडल के पांच रूट वाहनों की आवाजाही के लिए ठप पड़े हैं, वहीं 15 अन्य रूटों पर आधे रास्ते तक ही बसों को भेजा जा रहा है। रामपुर-रोहड़ू वाया तकलेच, रामपुर-दरकाली, रामपुर-चमाडा-ननखड़ी, रामपुर-सुंगरी वाया ननखड़ी और रामपुर-थड़ा रूटों पर अधिक बर्फबारी और फिसलन के चलते वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। वहीं क्षेत्र के बागी, कोटगढ़, थानाधार, मझाली, भुट्टी नारकंडा, रोहडू वाया भद्राश, कुल्लू, मंझनाला, सुरड़बंगला, जगोरी, बागासराहन, कंडा कतमोर रूट पूरी तरह से वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल नहीं हो पाए हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को यातायात सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों को अपनी जरूरत का सामान घर पहुंचाने, स्कूली बच्चों को स्कूल और कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचने में खासी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
परिवहन निगम रामपुर के अड्डा प्रभारी भागचंद ने बताया कि क्षेत्र में हुई बर्फबारी के बाद सड़क पर बर्फ और फिसलन होने के कारण बसों को जहां तक संभव है, वहां तक भेजा जा रहा है। भारी बर्फबारी के कारण रोहडू और आदर्शनगर रूट पर निगम की बसें फंसी हैं।