सेवानिवृत्त अधिकारी बोले, देर आए पर दुरुस्त आए प्रधानमंत्री
एलओसी पार जैश के ठिकानों को तबाह करने पर पूर्व सैनिक खुश
पाकिस्तान के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर/रिकांगपिओ (किन्नौर)। पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाते हुए भारतीय वायु सेना ने पीओके में जैश के ठिकानों पर बम गिरा कर उन्हें तबाह कर दिया है। इस कार्रवाई से रामपुर, निरमंड और किन्नौर जिले के पूर्व सैनिकों में खुशी की लहर है। पूर्व सैनिकों के अनुसार प्रधानमंत्री इस कार्रवाई को अंजाम देने में देर से आगे आए, लेकिन दुरुस्त आए। भारतीय वायुसेना की कार्रवाई के बाद रामपुर और किन्नौर क्षेत्र में लोगों ने विजय रैलियां निकाल कर खुशियां मनाईं।
1. सूबेदार मेजर गुलाब सिंह के अनुसार आज का दिन हर भारतीय के लिए एक ऐतिहासिक ओर गर्व से प्रफुल्लित करने वाला दिन है। भारतीय सेना ने दुश्मन को उनके घर में घुसकर मारा है। जो हमारी ओर गलत निगाह डालेगा उसका यही अंजाम होगा। आज दुनिया का हर देश हमारी असीम शक्ति के आगे नतमस्तक है। 2. ऑनरेरी कैप्टन पद्मा सिंह के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सही समय पर उचित कदम उठाते हुए जैश के ठिकानों पर हमला किया है, अब पुलवामा आतंकी हमले में मारे गए शहीदों के परिजनों को थोड़ा सुकून मिलेगा।
3. ऑनरेरी लेफ्टिनेंट सेवानिवृृत्त ललित कुमार नेगी, निवासी सांगला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि देर से आए लेकिन दुरूस्त आए। यदि मुझे सेना की कमान मिलती तो मैं एक घंटे में ही पाकिस्तान का नामों निशान मिटा देता।
4. ऑनरेरी केप्टन सेवानिवृृत्त ठाकुर दास नेगी निवासी कामरू ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर कायराना हमला करने पर हमले के जिम्मेवार आतंकी संगठन के आकाओं को शह देने वाले पाकिस्तान को तुरंत सबक सिखाना चाहिए था लेकिन कुछ देरी हुई है।
5. ऑनरेरी केप्टन (सेवानिवृृत्त) पालदेन ज्ञाछो शौर्यचक्र निवासी बटसेरी ने इस इस कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि आतंकी सरगनाओं को शह देने वाले पाकिस्तान के मुंह पर यह एक करारा चांटा है। केवल चांटे से काम नहीं चलेगा। (ज्ञाछो करीब 3 वर्षों तक जेएंड के में आतंकवाद विरोधी विभिन्न मिलिट्री ऑपरेशन का हिस्सा रह चुके हैं।)
6. सूबेदार मेजर सेवानिवृृत्त भाग चंद नेगी, शौर्यचक्र निवासी बारंग ने बताया प्रधानमंत्री ने आतंकियों पर हमला करके सराहनीय कदम उठाया है। अब आतंक के आकाओं को शह देने वाले पाकिस्तान को उसकी नापाक हरकतों के लिए सजा देकर खाक में मिलाना होगा।