बिजली न पानी और न सड़क सुविधा
भारी बर्फबारी के कारण बढ़ीं किन्नौर के लोगों की दिक्कतें
रास्ते बहाल करने के लिए विभाग प्रयासरत: लोनिवि
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले में इस बार भारी बर्फबारी के बाद जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पा रहा है। कई वर्षों की रिकॉर्ड तोड़ बर्फबारी और बारिश से लोगों की समस्याएं आए दिन बढ़ती जा रही हैं। लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। भारी बर्फबारी और कंपकंपा देने वाली ठंड में बार-बार बिजली के अघोषित कटों की मार झेलनी पड़ रही है। वहीं कई जगह पेयजल पाइपें जमने से लोगों को पीने के लिए पानी मुहैया नहीं हो पा रहा है।
जिले के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रास्ते बंद होने के कारण कई मीलों की दूरी पैदल ही तयकर स्थानीय बाजार से अपनी जरूरतमंद चीजों को पीठ पर ढोकर गंतव्यों की ओर पहुंचानी पड़ रही हैं। यातायात अवरुद्ध होने के कारण लोगों को भारी भरकम किराया देकर निजी वाहनों में सफर करना पड़ रहा है। ऐसे में टैक्सी चालकों द्वारा जान जोखिम का हवाला देकर कुछ ही दूरी के प्रत्येक व्यक्ति 100 रुपये वसूले जा रहे हैं, जो आम आदमी की पहुंच से बाहर है।
जिले के राजेश नेगी, दौलत नेगी, प्रीतम नेगी, वीरेंद्र नेगी, सुरेंद्र नेगी, दीपक नेगी, कांता नेगी, मीनाक्षी नेगी, आशा नेगी, रेखा नेगी, कविता नेगी और संगीता नेगी सहित कई अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और सभी संबधित विभागों से समय रहते जिले भर में प्राथमिकता के आधार पर सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने की मांग उठाई है।
वहीं इस संबंध मेें लोक निर्माण विभाग कल्पा के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह गुलेरिया और अधिशासी अभियंता भावानगर आरएल चौहान के अनुसार कल्पा, पूह और निचार खंड में बाधित 16 सड़कें बहाल किए जाने के प्रयास जारी हैं। विभाग ने 10 मशीनें और दर्जनों मजदूर मार्ग बहाली के लिए तैनात किए हुए हैं। वहीं विद्युत बोर्ड किन्नौर के अधिशासी अभियंता विमल नेगी के अनुसार जिले भर के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की बराबर आपूर्ति मुहैया करवाई जा रही है। कुछ बाधित ट्रांसफार्मरों को भी जल्द बहाल करवा दिया जाएगा।
यहां ठप पड़ी है वाहनों की आवाजाही
किन्नौर जिले के निचार, बरी, तरांडा, बड़ा कंबा, मूरंग, रोघी, खादरा, आकपा, रिब्बा, रिस्पा, जंगी, लाबरंग, कानम, रोपावैली, डुबलिंग, टाशीगांग, लियो, हांगो, चोलिंग, लिप्पा, आसरंग, नेसंग, कुन्नोचारंग, यांगपा, क्राबा, रक्षम, छितकुल, बटसेरी, चांसू, शौंग, बारंग और पूर्वणी सहित अधिकांश ग्रामीण सड़कों पर बर्फबारी के बाद फिसलन के चलते निगम की बसों की आवाजाही नहीं हो पाई।