नौणी विवि में बागवानी गुर सीखेंगे बागवान
प्रशिक्षण लेकर वैली के अन्य बागवानों को सिखाएंगे बागवानी करना
अमर उजाला ब्यूरो
तकलेच (रामपुर)। 12/20 वैली के बागवान आधुनिक तरीके से बागवानी करने के टिप्स लेने के लिए नौणी विश्वविद्यालय रवाना हो गए हैं। वैली के बागवान एक सप्ताह तक नौणी में बागवानी विशेषज्ञों से गुर सीखेंगे। प्रशिक्षण हासिल कर वापस लौटकर बागवान वैली के अन्य बागवानों को टिप्स देने में जुटेंगे, जिससे बागवानों की आर्थिकी सुदृढ़ हो सके।
12/20 हिमालयन एप्पल ग्रोवर्स सेल्फ हेल्फ ग्रुप का एक बागवानी दल आधुनिक तरीके से बागवानी करने के लिए नौणी रवाना हो गया है। ग्रुप के प्रगतिशील बागवान सुनील चौहान, भरत कंटू, अजय अष्टू, दुर्गा नेगी, राज मेहता, सोहन लाल, पप्पू चौहान, भूषण खाची, कुंदन भंडारी, विश्वरंजन मसोई, रतन और योग राज सहित कई अन्य कई बागवान एक सप्ताह तक नौणी विश्वविद्यालय में बागवानी का प्रशिक्षण हासिल करेंगे। एक सप्ताह तक बागवान प्रूनिंग, नए सेब पौध रोपण की तकनीक और पौधों की बीमारियों से रोकथाम सहित कई अन्य आधुनिक तकनीकों के बारे में प्रशिक्षण लेंगे। प्रगतिशील बागवान सुनील चौहान ने कहा कि हिमालयन ग्रुप 12/20 वैली के बागवानों के उत्थान के लिए कार्य करेगा। प्रत्येक बागवान को बेहतर बागवानी के गुर सिखाने के लिए हर बागवान तक विशेषज्ञों की मदद से हर जानकारी उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। बेरोजगार युवाओं को बागवानी क्षेत्र एक बहुत बड़ा आय का स्रोत है। इसके लिए 12/20 वैली में जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।