दलदल में बदली ज्यूरी-सराहन सड़क
ग्रामीण, पर्यटक और श्रद्धालु परेशान
पर्यटन स्थल सराहन और भीमाकाली मंदिर को जाने वाली सड़क खस्ताहाल
जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हजारों लोग
अमर उजाला ब्यूरो
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर खंड के प्रमुख पर्यटन स्थल सराहन को जोड़ने वाली ज्यूरी-सराहन सड़क की हालत खस्ता हो गई है। दलदल में तबदील ज्यूरी-सराहन सड़क राई खड्ड के पास दलदल में तबदील हो गई है। इस कारण सड़क पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है। आए दिन क्षेत्र के हजारों ग्रामीण और मां भीमाकाली मंदिर पहुंचने वाले पर्यटक और श्रद्धालु जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। बावजूद इसके लोक निर्माण विभाग समस्या का स्थायी समाधान करने में सफल नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से इस सड़क की हालत सुधारने की मांग की है।
गौर हो कि ज्यूरी-सराहन सड़क करीब दो साल तक राई खड्ड के पास यातायात के लिए पूरी तरह से बाधित रही थी। दो वर्ष बीतने के बाद भी पुल का निर्माण होने के बाद ज्यूरी-सराहन सड़क यातायात के लिए बहाल हुई। करीब दो माह पहले बहाल हुई इस सड़क पर हाल ही में हुई बर्फबारी और बारिश के चलते राई खड्ड के पास सड़क पूरी तरह से कीचड़ में तबदील हो गई है, इस कारण इस सड़क पर आवाजाही करने वाले हजारों ग्रामीणों और पर्यटकों को खासी दिक्कतें पेश आ रही हैं। आलम यह है कि इस सड़क पर छोटे वाहन मालिकों को अपने वाहन आधे रास्ते में खड़े कर दलदल पैदल पार कर दूसरी गाड़ियों से आवाजाही करनी पड़ रही है। उपतहसील सराहन में रोजाना क्षेत्र के छह पंचायतों के लोग अपने कार्यों से पहुंचते हैं, लेकिन सड़क की खस्ता हालत से उन्हें आए दिन परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
क्षेत्र के श्याम लाल, लक्ष्मण, सुरजीत सिंह, दुर्गा सिंह, नरोत्तम लाल, बहादुर सिंह, हरी सिंह, जय सिंह, पन्नमा और टाशी ने कहा कि ज्यूरी-सराहन सड़क दलदल में तबदील होने के चलते बड़े वाहन काफी ज्यादा घूम रहे हैं, जबकि छोटे वाहनों को पार करना खतरे से खाली नहीं है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से पत्थर और गटका बिछाकर खस्ताहाल सड़क की हालत सुधारने की मांग की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पीडी कश्यप के अनुसार सड़क सही करवाने के लिए जल्द ही मशीन तैनात की जाएगी और संबंधित कनिष्ठ अभियंता को मार्ग सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे।