नोगली (रामपुर बुशहर)। शुक्रवार को पहाड़ी से गिरी चट्टानों के कारण भड़ावली पंचायत में राजकीय प्राथमिक पाठशाला कमलाहू के दो कमरे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हादसे के समय स्कूल की दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों ने भाग कर जान बचाई। हादसे की सूचना मिलते ही खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे प्राथमिक स्कूल कमलाहू के ऊपर लगती पहाड़ी से चट्टानें खिसकने का सिलसिला शुरू हुआ। शोर सुनकर स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे करीब 14 विद्यार्थियों को कक्षाओं से बाहर निकाला गया। पहाड़ी से गिरी चट्टानों की चपेट में स्कूल का एक कमरा आ गया। पहाड़ी से गिरी चट्टान के कारण कमरे की खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं स्टाफ रूम की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पंचायत उपप्रधान दिनेश खमराल, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी शशिबाला नेगी, राजस्व विभाग के पटवारी अशोक सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पंचायत प्रतिनिधियों ने स्थानीय प्रशासन से छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र और महिला मंडल में कक्षाएं चलाने की मांग की है।
पंचायत उप प्रधान दिनेश खमराल, एसएमसी प्रधान मधुबाला, प्रेमराज कायथ, टेकचंद चौहान, राजेश, विजय राज सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग से स्कूल भवन को असुरक्षित घोषित कर कक्षाएं स्वास्थ्य केंद्र और महिला मंडल भवन में शुरू करने की मांग की है।
खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी शशिबाला नेगी ने कहा कि उन्होंने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया है। अभी स्वास्थ्य केंद्र और महिला मंडल में कक्षाएं चलाने की व्यवस्था की गई है। वहीं एसडीए रामपुर नरेंद्र चौहान ने बताया कि स्कूल भवन को पहुंची क्षति को लेकर पंचायत के जनप्रतिनिधि उनसे मिले हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर उचित कदम उठाए जाएंगे।