70 वर्ष हो बुढ़ापा पेंशन की आयु सीमा
पैरामिलिट्री एक्स सोलजर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में उठे मुद्दे
चेताया, मांगें नहीं मानी तो सड़कों पर उतरेंगे सेवानिवृत्त कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। ऑल इंडिया पैरामिलिट्री एक्स सोलजर वेलफेयर एसोसिएशन ने बुढ़ापा पेंशन की आयु सीमा को 80 से घटाकर 70 वर्ष करने की पुरजोर मांग उठाई है। एसोसिएशन ने वन रैंक, वन पेंशन न मिलने पर भी चिंता जाहिर की है। संगठन ने चेताया कि यदि केंद्र सरकार द्वारा जल्द इस मांग को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता तो विभिन्न अनुशासित फोर्स से सेवानिवृत्त कर्मचारी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। संगठन ने पूर्व सैनिकों को आज सेवारत हो रहे सैनिकों की तर्ज पर एसीपी और एमएसीपी स्कीम का लाभ देने की मांग उठाई है।
ऑल इंडिया पैरामिलिट्री एक्स सोलजर वेलफेयर एसोसिएशन रामपुर/कुल्लू जोन की बैठक रामपुर में अध्यक्ष एनडी बेश्टू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बेश्टू ने कहा कि एडिशनल क्वांटम ऑफ पेंशन जिनकी आयु भारत सरकार की ओर से 80 वर्ष पूर्ण होने पर निर्धारित आयु 60 से 65 वर्ष भारतीय सर्वेक्षण विभाग द्वारा बताई गई है। इसी आधार पर संगठन ने कई बार केंद्रीय भारत सरकार से यह मामला कई बार उठाया था। संगठन ने प्रधानमंत्री से यह मुद्दा बीते वर्ष सितंबर और इस वर्ष 6 फरवरी को उठाया गया है।
उन्होंने चेताया कि यदि समय रहने इसको लेकर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में विभिन्न फोर्सों से सेवानिवृतत्त हुए कर्मचारी सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएंगे। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सभी वर्गों के मामलों के लिए बुढ़ापा पेंशन की आयु सीमा 80 से घटाकर 70 वर्ष कर दी गई है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी इसी तर्ज पर 70 वर्ष आयु सीमा पर इस पेंशन योजना का लाभ मिलना चाहिए।
एसोसिएशन ने एसीपी और एमएसीपी स्कूल के तहत सेवानिवृत्त कर्मियों को 12/24 और 10/20/30 का लाभ देने की मांग की है। एसोसिएशन ने सरकार से किसानों को मिलने वाली वार्षिक अनुदान राशि में किसी प्रकार की समय सीमा न रखने की मांग की है। इस मौके पर आरएल ठाकुर, आरएल चौहान, दुर्गा चौहान, नारायण दास मेहता, सागर कायथ, बीआर मेहता, डीआर बिष्ट, रतन भारद्वाज, सीआर कौशल और कमलेश सहित दर्जन सदस्य मौजूद रहे।