दो दिनों में बिजली बहाल नहीं हुई तो आंदोलन
कुपवी की चौदह पंचायतों में पांच दिनों से बिजली गुल
अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा। कुपवी तहसील की चौदह पंचायतों में पांच दिनों से बिजली गुल है। ऐसे में लोगों के लिए ठंड के मौसम में समय बीताना बहुत मुश्किल हो गया है। कुपवी के ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है यदि दो दिनों में बिजली बहाल नहीं हुई तो वे लोग आंदोलन के लिए तैयार हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कुपवी के अध्यक्ष सुख राम नगराईक की अध्यक्षता में श्याम चौहान, संत राम चौहान, नेत्र चौहान, राजेश रांटा, पंचायत मझौली के प्रधान सुरेंद्र लालटा, मालत की प्रधान सरिता दीपटा, सुरेंद्र मधाइक, ग्राम पंचायत धोताली के प्रधान वीरेंद्र शर्मा, कांडा बनाह के प्रधान दलीप, सुरेंद्र ठाकुर, शेर सिंह गौराईक, सुरेंद्र चौहान, भीम सिंह चौहान, मिला राम रावत, दुला राम सौराईक, भीम सिंह दसाइक और जलम सिंह चौहान आदि तहसीलदार कुपवी से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्ञापन सौंप कर कुपवी की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र हल करने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष सुख राम नगराईक ने बताया कि कुपवी की 14 पंचायतों में पांच दिनों से अंधेरा पसरा हुआ है। विद्युत बोर्ड की लेटलतीफी के चलते तहसील के लोगों को कड़कती ठंड में भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने कुपवी में 33 केवी सब स्टेशन का निर्माण करवाया था। उसको वर्तमान सरकार ने अपने कार्यकाल के शुरूआती 100 दिनों के भीतर चालू करने का लक्ष्य रखा था। अब एक साल से भी ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद सरकार इसको चालू करने में असफल रही है। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार को भेजे ज्ञापन में चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर कुपवी की सभी पंचायतों में बिजली बहाल नहीं की व एक माह के अंदर 33 केवी सब स्टेशन को चालू नहीं किया तो सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने मांग की है कि बिजली बोर्ड में खाली पड़े कर्मचारियों के पदों को भी भरा जाए।