अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। मुख्यमंत्री मंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को दूसरा वार्षिक बजट पेश किया। इस बजट से शिमला और किन्नौर जिलों को कई सौगातें मिली हैं। लंबे अरसे तक सुर्खियों में बने दलाश बहुतकनीकी संस्थान को आखिरकार सरकार ने हरी झंडी दिखा दी है। पूर्व सरकार के समय में शुरू किए जा रहे इस संस्थान को प्रदेश सरकार ने शुरूआती दौर में बंद कर दिया था, जबकि इस बजट में इस संस्थान को मंजूरी मिल गई है। इसके बनने से आउटर सिराज क्षेत्र के हजारों छात्रों को लाभ पहुंचेगा।
शनिवार को पेश किए गए बजट से शिमला, कुल्लू और किन्नौर जिले के लिए करोड़ों की योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा पेश किए गए बजट में दलाश में बहु तकनीकी संस्थान के निर्माण के साथ आईटीआई कुमारसैन में भी इस सत्र से नए ट्रेड चलाने की घोषणा की है। इसके अलावा दुग्ध का खरीद मूल्य दो रुपये प्रतिलीटर बढ़ाया गया है, जिससे रामपुर, आउटर सिराज, ननखड़ी और कोटगढ़ कुमारसैन क्षेत्र के हजारों पशु पालक लाभान्वित होंगे। वहीं इसके अलावा दत्तनगर स्थित दुग्ध संयंत्र केंद्र की क्षमता भी पहले से बढ़ाकर 50 हजार प्रतिलीटर प्रतिदिन की जाएगी। इससे क्षेत्र के हजारों दुग्ध उत्पादकों को अधिक दूध बेचने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी आर्थिकी भी मजबूत होगी।
वहीं राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत किन्नौर जिले में जिला संसाधन केंद्रों का निर्माण होगा। इसके लिए 2.50 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी। इन केंद्रों में 2019-20 के दौरान 6,000 ग्राम सभा सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मियों को पंचायती राज से जुड़ी गतिविधियों को लेकर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। आउटर सिराज की निरमंड तहसील में भी बस अड्डे का निर्माण काफी धीमी गति से हो रहा है। ऐसे में बजट में प्रदेश के अन्य बस अड्डों के साथ-साथ निरमंड बस अड्डे के निर्माण को भी शीघ्र पूरा करने और इसे संचालित करने की घोषणा हुई है। प्रदेश पावर कॉरपोरेशन की ओर से आगामी वित्तीय वर्ष में जिला किन्नौर में 66 केवी उरनी सब-स्टेशन में ग्रीन एनर्जी कॉरीडोर के तहत पूरा किया जाएगा। इसके अलावा 6 विद्युत सब-स्टेशनों को विकसित किया जाएगा। इसके अलावा उच्च वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइनों को भी पूरा किए जाने का प्रस्ताव है।