रोहडू। बर्फबारी से उपमंडल के 60 प्रतिशत ग्रामीण रूटों पर निगम की बस सेवाएं ठप पड़ी हुई हैं। शिमला-रोहडू मुख्य मार्ग पर यातायात तो बहाल हो गया था लेकिन फिसलन के कारण बसें मार्ग पर फंस रही हैं। बर्फबारी के कारण सड़क फिसलनदार हो गई है। जिस कारण वीरवार को रोहड़ू से वाया खड़ापत्थर शिमला के लिए मात्र एक ही बस सेवा चल पाई।
शिमला-रोहड़ू मार्ग पर वाया खड़ापत्थर होते ही छोटे वाहन नियमित रूप से चल रहे हैं लेकिन निगम की बसें मार्ग पर फंस रही हैं। वीरवार को सुबह शिमला के लिए भेजी गई बस तो जैसे-तैसे खड़ापत्थर से निकल हुई। मार्ग पर फिसलन अधिक होने के कारण सफर जोखिम भरा हो गया है। जिस कारण वीरवार को लांग रूट पर चलने वाली निगम की अधिकांश बस सेवाएं ठप रही। निगम के रोहड़ू डिपो के अंतर्गत 60 प्रतिशत ग्रामीण रूटों में बर्फबारी के कारण बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। अधिकांश रूट ऐसे हैं, जहां पर निगम की बसें आधा सफर तय करके ही वापस आ रही है।
निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि शिमला रूट वाया खड़ापत्थर पर वीरवार को एक बस भेजी गई थी। जिसे बहुत मुश्किल से खड़ापत्थर क्रॉस करवाया गया है। बर्फ होने के कारण मार्ग पर फिसलन काफी अधिक है। जिस कारण अन्य बसें लांग रूटों पर नहीं भेजी गई। ग्रामीण क्षेत्रों के 60 प्रतिशत रूटों पर भी बस सेवाएं नहीं चल रही है।