रोहडू। हिमपात के बाद करीब साठ घंटे से रोहडू डोडरा क्वार उपमंडल की करीब अस्सी पंचायतों के दो सौ से अधिक गांव में ब्लैक आउट है। कड़ाके की ठंड में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डोडरा क्वार सहित ऊंचाई वाले क्षेत्र में अभी बिजली बहाली के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ेगा।
बीते तीन दिनों से उपमंडल मुख्यालय में भी बिजली बहाल नहीं हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बहाली के लिए हिमपात के क्षतिग्रस्त लाइनों को जोड़ने में कई दिनों का समय लगने वाला है। तहसील जुब्बल, तहसील रोहडू, तहसील चिडगांव, उप तहसील टिक्कर, उपतहसील जांगला व डोडरा क्वार के सभी गांव में करीब साठ घंटे से बिजली गुल है।
बिजली न होने के कारण सरकारी कार्यालय में कामकाज ठप पड़ा हुआ है। बाजार के कारोबारियों का बिजली से चलने वाला काम भी तीन दिनों से बंद है। घरों में बच्चों की पढ़ाई रात के समय नहीं हो पा रही है। मोबाइल फोन और अन्य बिजली के उपकरण बंद हो चुके हैं। बिजली न होने के कारण आईपीएच की उठाऊ पेयजल योजनाएं बंद चल रही हैं। जिससे गांव में लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता संजीव रावत ने बताया कि मुख्य लाइनों को ठीक करने का कार्य चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की लाईनों को उसके बाद ठीक किया जाएगा। अभी मेन लाइन टूटी होने के कारण यहां तक बिजली की आपूर्ति नहीं हो रही है।