नेरवा। भारी हिमपात के बाद पहली बार बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने नेरवा चौपाल में तीस घंटे के भीतर बिजली बहाल कर दी है। लोगों ने भारी हिमपात में कार्य करने के लिए तैनात बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को सम्मानित करने की मांग की है। हिमपात के बाद टूटी लाइनों को बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने क्षेत्र तीन फुट बर्फ के बीच ठंड में टूटी तारें जोड़ने का कार्य तेजी से किया है। इससे पहले भारी बर्फबारी के दौरान पहले कभी बिजली तीन दिन से पहले बहाल नहीं हो सकी। अधिशाषी अभियंता विद्युत मंडल बलदेव चंद की उपस्थिति में जेई चंबी राज धीमान की टीम ने बिजली बहाल करने का कार्य पूरा किया है। ठंड के बीच शून्य डिग्री से भी कम तापमान में जगह जगह क्षतिग्रस्त मुख्य लाइन को ठीक कर बुधवार रात को पूरे क्षेत्र में बिजली बहाल कर दी गई है। बिजली बोर्ड की टीम सुबह छह बजे ही जुट चुकी थी। व्यापार मंडल नेरवा, विभिन्न पंचायत प्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने बोर्ड प्रबंधन व प्रशासन से मांग की है कि भयानक ठण्ड के बीच बिजली बहाल करने वाली टीम को सम्मानित किया जाए। जिससे कर्मचारियों के मनोबल में वृद्धि हो सके।