रोहड़ू। ग्राम पंचायत पुजारली चार के वन विभाग विश्राम गृह में शनिवार को प्रशासन जनता के द्वार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता एसडीएम रोहडू बीआर शर्मा ने की। एक दिवसीय शिविर में पंचायत पुजारली, पंचायत शरोंथा, पंचायत टिकर और पंचायत धराडा के लोगों ने भाग लिया।
शिविर के दौरान चौदह चरित्र प्रमाण पत्र, दस आय प्रमाण पत्र, पांच हिमाचली प्रमाण पत्र, पंद्रह शपथ पत्र तथा 55 कार्ड बनाए गए। शिविर में इसके अतिरिक्त 49 मामले जन शिकायतों के सामने आए। लोगों की अधिकतर समस्याओं का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया। शेष बची शिकायतों को आगामी आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित विभागों के मौके पर उपस्थित अधिकारियों को सौंप दिया गया। इसके अतिरिक्त इस शिविर में स्वच्छ भारत अभियान के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
सीडीपीओ रोहड़ू ने मोनिका नैंटा ने महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। बागवानी विभाग की ओर से तरफ विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। मौके पर उपस्थित बागवानों से अपील की गई कि प्रूनिंग से निकली सेब की टहनियों को जलाए नहीं बल्कि खाद बनाने के काम में लाएं। इस शिविर में नायब तहसीलदार टिकर, बाल विकास परियोजना अधिकारी रोहड़ू, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी, आईपीएच, बिजली बोर्ड के अधिकारी, उद्यान विकास अधिकारी, उप प्रधान ग्राम पंचायत पुजारी चार, प्रधान ग्राम पंचायत टिकर, प्रधान ग्राम पंचायत शरौंथा, प्रधान ग्राम पंचायत धराडा, राम प्रकाश जगीतथटा विभागों के अधिकारी तथा संबंधित कर्मचारी महिला मंडल तथा युवक मंडल ने भाग लिया।