कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। नारकंडा ब्लॉक कृषक सलाहकार समिति की बैठक में विशेष तौर पर जीरो बजट खेती के बारे में चर्चा की गई। समिति हॉल नारकंडा में आयोजित बैठक की अध्यक्षता नारकंडा ब्लॉक कृषक सलाहकार समिति के अध्यक्ष धनेश्वर सरकेक ने की। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जीरो बजट खेती करने के लिए चार समूह बनाए गए, जो किसानों और बागवानों को जीरो बजट खेती करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। समिति अध्यक्ष धनेश्वर सरकेक ने कहा कि किसान-बागवानों को अब जीरो बजट खेती की ओर ध्यान देने की जरूरत है। इस तकनीक से किसानों का आर्थिक खर्चा भी कम होगा और पैदावार में भी बढ़ोतरी होगी। रसायनिक खादों से किसानों की भूमि बिल्कुल खराब हो चुकी है, जिसमें बहुत कम पैदावार हो रही है। इस अवसर पर विकास पालसरा, बेली राम कश्यप, संजीव चौहान, जालिम सिंह, किशोरी लाल धर्मा, देवराज वर्मा, हरिदत्त भरोटा, रीना शर्मा, कांता वर्मा और स्नेहलता सहित अन्य मौजूद रहे।