रामपुर बुशहर। रामपुर खंड की धारगौरा पंचायत के धार गांव में एक मादा भालू अपने दो बच्चों के पानी के टैंक में गिर गए। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने बचाव कार्य कर तीनों भालुओं को पानी के टैंक से बाहर निकाला और उन्हें वापस जंगल में सुरक्षित छोड़ा।
शुक्रवार देर शाम को मादा भालू अपने दो बच्चों के साथ पानी के टैंक में जा गिरी। भालू जब टैंक से बाहर नहीं निकल पाए तो मादा भालू ने जोर-जोर से चिंघाड़ना शुरू कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण टैंक के पास एकत्रित हो गए। इसके बाद धारगौरा पंचायत प्रधान सुशीला गुप्ता ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर टैंक से भालुओं को लंबी-लंबी बलियों के सहारे बाहर निकाला। रात होने के कारण वन कर्मियों को भी भालू को बाहर निकालने में खासी दिक्कतें पेश आईं। कड़ी मशक्कत के बाद विभाग की रेस्क्यू टीम ने भालुओं को टैंक से बाहर निकाला और उन्हें जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
धारगौरा पंचायत प्रधान सुशीला गुप्ता ने कहा कि धार गांव में पानी के टैंक में दो शावक और मादा भालू गिरे थे। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर भालुओं को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।