रोहड़ू। शनिवार को दोपहर बाद घाटी की चोटियों पर हिमपात शुरू हो गया। निचले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के साथ शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है। शिमला सड़क पर खड़ापत्थर में दिन के समय हल्की बर्फबारी हुई। चांशल घाटी, चंद्रनाहन की चोटियों और सुंगरी में भी दोपहर बाद से हिमपात का क्रम जारी है। पूरे क्षेत्र में पूरा दिन सड़कों पर यातायात सामान्य तौर पर चला।
सुंगरी और खड़ापत्थर में हल्का हिमपात हुआ है। शिमला और रामपुर मार्ग में यातायात बहाल रहा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश के बाद तापमान में भारी कमी हुई है। बागवानी विशेषज्ञ इस बारिश और हिमपात को सेब की फसल के लिए फायदेमंद मान रहे हैं। वहीं डोडरा क्वार क्षेत्र की पांच पंचायतें हिमपात से सड़क बंद होने पर क्षेत्र से कट चुकी हैं।
लोनिवि के एसडीओ दशमेंहद्र पाल ने बताया कि शनिवार को दिन के समय डोडरा क्वार पर छोटे वाहन चलते रहे। डोडरा क्वार सड़क को पहले हिमपात के बाद वाहनों के लिए खोल दिया गया था। अब दोबारा बंद सड़क को खोलने का काम तेज किया जाएगा।