रामपुर बुशहर। राफेल डील घोटाले को लेकर युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को युकां कार्यकर्ताओं ने एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। युकां ने राष्ट्रपति से इस मामले की जेपीसी जांच करवाने की मांग रखी। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी उज्ज्वल मेहता और युकां अध्यक्ष जसवीर ठाकुर की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने यह ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर उज्ज्वल मेहता और जसवीर ठाकुर के कहा कि यदि राफेल घोटाले मामले में मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार नहीं किया है तो सरकार जेपीसी जांच से क्यों डर रही है? जब इंडियन एयरफोर्स को 126 लड़ाकू विमानों की आवश्यकता थी तो सिर्फ 36 विमानों की डील क्यों की गई? एक विमान की कीमत 560 करोड़ के बदले 1600 करोड़ कैसे हो गई? एचएएल के बदले राफेल विमान का कार्य अनिल अंबानी की कंपनी को क्यों सौंपा गया?
युकां ने राष्ट्रपति से आह्वान किया है कि इस गंभीर विषय में तुरंत हस्तक्षेप करते हुए संयुक्त संसदीय समिति गठन करने के लिए वर्तमान सरकार को निर्देश जारी करें, जिससे पूरे देश के सामने सच्चाई का खुलासा हो सके। इस मौके पर सोनू भलूनी, ध्रुव शर्मा, राहुल सोनी, अंकुर शर्मा, जोनी कायथ, अश्वनी शर्मा, अजय राणा, गिरीश गौतम, नितिश भंडारी, संतोष कायथ, हिमांशु, सूरज, पुनीत, दीपक, अजय, मनी, हनी, साहिल, आशीष और निशांत शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।