हड़ू। राजकीय महाविद्यालय सीमा की एनएसएस इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के समापन अवसर पर विभिन्न विषयों पर आधारित नाटिकाओं का मंचन भी किया गया। समारोह में संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डा. प्रमोद चौहान बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। गीतिका सामरा के निर्भया कांड पर आधारित मोनो एक्ट प्रस्तुत किया।
सात दिवसीय शिविर के दौरान किए गए कार्यों की रिपोर्ट एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उमेश नारटा की ओर से प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि शिविर में 120 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। स्वयंसेवियों की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसके तहत सीमा गांव के आसपास प्लास्टिक हटाओ अभियान भी चलाया गया। पेयजल स्रोतों एवं आम रास्ते में साफ सफाई की गई। रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। स्वयंसेवियों ने वृक्षारोपण भी किया। शिविर के दौरान विभिन्न कार्यक्रम स्रोतों के माध्यम से स्वयंसेवियों को आवश्यक जानकारियां भी दी गईं। स्वयंसेवियों ने सेरीबासा गांव में अग्नि पीड़ित परिवारों को श्रमदान करके पुनर्वास में मदद भी की। इसके साथ मही सली गांव में उन्नत भारत कार्यक्रम के तहत सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण के तहत विभिन्न परिवारों से आंकड़ा एकत्र किया गया। समापन समारोह में स्वयंसेवियों द्वारा नशा निवारण, स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव पर लघु नाटिकाओं की प्रस्तुति देकर समाज में फैली कुरीतियों और इसके निवारण के बारे में जागरूकता संदेश दिया गया। इस मौके पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ललिता रावत, प्रो. बीएस पिरटा, प्रो. जेआर कश्यप, प्रो चंद्रसेन, नितिका धवन और नरेश चौहान भी उपस्थित रहे।