भावानगर (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर की यांगपा पंचायत के ग्रामीणों को पथ परिवहन निगम की बस सुविधा नहीं मिल पा रही है। निगम की ओर से बीते दो सप्ताह से अधिक समय से यांगपा जाने वाली बस को काफनू तक ही भेजा जा रहा है। इसके चलते यांगपा जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
यांगपा पंचायत के पूर्व प्रधान राजकुमार नेगी, देव नेगी, कुशकपाल, अरविंद, धर्मेंद्र और सुरेंद्र के अनुसार निगम के अधिकारी जानबूझ कर बस को यांगपा तक नहीं भेज रहे हैं। निगम के चालक और परिचालक यांगपा में रात के समय ठहरने और खाने की व्यवस्था न होने का हवाला दे रहे हैं। जबकि ग्रामीणों ने चालक और परिचालक को ठहरने और खाने की व्यवस्था की है।
इस मसले को लेकर ग्रामीणों ने हाल ही में रिकांगपिओ में वनमंत्री गोविंद सिंह की अध्यक्षता में हुई लोक शिकायत निवारण समिति की बैठक में भी उठाया था, जिसमें निगम के अधिकारी ने मंत्री के समक्ष जिले के सभी रूटों पर बस नियमित रूप से चलाने की हामी भरी थी। राजकुमार नेगी के अनुसार पथ परिवहन निगम के अधिकारियों द्वारा वनमंत्री के निर्देशों का भी पालन नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने यह आरोप लगाया कि आरएम रिकांगपिओ से कई मर्तबा बस को यांगपा तक नियमित रूप से भेजने का आग्रह किया गया। आरएम को चालक और परिचालक को खाने और ठहरने की व्यवस्था ग्रामीणों द्वारा करने की सूचना भी दी गई। बावजूद इसके निगम द्वारा यांगपा तक बस नहीं भेजी जा रही है। उन्होंने सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप कर ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
आरएम रिकांगपिओ अजेंद्र चौधरी के अनुसार इस रूट पर जाने वाले चालक और परिचालक की शिकायत मिली थी कि रात को ठहरने और खाने की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। इसके चलते बस को यांगपा तक नहीं भेजा जा रहा है। यदि ग्रामीणों द्वारा चालक और परिचालक को ठहरने और खाने की व्यवस्था की गई है तो बस यांगपा तक भेजी जाएगी।