रामपुर बुशहर। प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री अरूण फालटा ने कहा कि शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह का आरएसएस और जनमंच को झंडमंच कहना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसकी प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा कड़े शब्दों में निंदा करता है।
उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण के विधायक अपनी मर्यादा को भूल गए हैं। इस तरह के अपशब्दों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक विक्रमादित्य सिंह जिस प्रकार से आरएसएस और जनमंच की आलोचना कर रहे हैं, उससे साफ है कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के विकास को पचा नहीं पा रही है और अब अनाप-शनाप बयानबाजी में उतर आई है। प्रदेश में जनमंच के माध्यम से लोगों को घर-द्वार में सेवाएं देने का प्रयास किया जा रहा है और प्रदेशभर में लोगों के लंबित पड़े मामलों को मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है। जिससे मौजूदा समय में प्रदेश की आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि जनमंच के माध्यम से अधिकारियों को मौके पर ही जनता के काम निपटाने के निर्देश दिए जा रहे हैं जबकि कांग्रेस राज में अधिकारी जनता के काम निपटाने में आनाकानी करते थे। अधिकारियों को किसी भी प्रकार से जनमंच में प्रताड़ित नहीं किया जा रहा है, जो अधिकारी लोगों के समय पर काम नहीं करते हैं, उन्हें ही काम जल्द करने के बारे में निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने चेताया कि यदि विक्रमादित्य सिंह ने आरएसएस के बारे में कोई भी गलत टिप्पणी की तो उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश युवा मोर्चा प्रवक्ता विजय गुप्ता, प्रदेश कार्य समिति सदस्य यशपाल चौहान, युवा मोर्चा अध्यक्ष यशपाल पालसरा, महामंत्री टिक्कम सैनी, शहरी अध्यक्ष बलजिंद्र ठाकुर, नरेैण बाहली पंचायत उपप्रधान अविनाश और मनोज मौजूद रहे।