रिकांगपिओ (किन्नौर)। प्रदेश परिवहन निगम परिचालक संघ की बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रांतीय प्रधान नील कमल ने की। इस दौरान किन्नौर जिले की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। जिसमें अध्यक्ष पद की कमान सर्वसहमति से रणवीर सिंह को सौंपी गई।
बैठक के दौरान प्रांतीय अध्यक्ष नीलकमल ने कहा कि परिवहन निगम में कार्यरत परिचालकों ने अपनी मांगों को लेकर परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर और मुख्यमंत्री को नौ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा था, जिस पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो पाई है। इसके चलते परिचालकों को रोष का माहौल है। 19 दिसंबर को भी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल परिवहन मंत्री से पूर्व अध्यक्ष प्यारे लाल कश्यप की अध्यक्षता में कुल्लू में मिला। उन्होंने मंत्री से साप्ताहिक अवकाश को लेकर चर्चा की। मंत्री ने परिचालकों को मिलने वाले साप्ताहिक अवकाश को 2019 से लागू करने के निर्देश परिवहन निगम के प्रबंधन निदेशक को मौके पर ही दिए। संघ ने परिवहन निगम प्रबंधन और परिवहन मंत्री से जल्द से जल्द संघ की बैठक बुलाकर परिचालकों की समस्याओं को दूर करने की मांग उठाई है।
बैठक के दौरान रिकांगपिओ निगम परिचालक संघ की नई कार्यकारिणी का गठन मेें सुजान सिंह उपाध्यक्ष, प्रधान प्रकाश चंद, उप प्रधान रवि कुमार, सचिव सुमन सिंह, सह सचिव सुमन कुमार, कोषाध्यक्ष दीपेंद्र कुमार, संगठन सचिव अजय कुमार, विद्या चंद सलाहकार, परमेश्वर सिंह प्रेस सचिव और सुखदेव को लेखा परीक्षक चुना गया। वहीं इस मौके पर प्रदेश परिचालक संघ के नरेंद्र नेगी, अजय कुमार, अहम सिंह, यशवंत ठाकुर, युवराज ठाकुर, प्रमोद कुमार, पवन कुमार, जगदीश कुमार, संजीव, संजय, उत्तम सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।