डोडरा क्वार से निकला
ट्रैकिंग दल रेस्क्यू कर बचाया
आईटीबीपी और पुलिस ने रूपीन पास के पास ढूंढा लापता दल
वीरवार को छह युवाओं को पहुंचाया जाएगा सांगला : एसपी
अमर उजाला ब्यूरो
सांगला (किन्नौर)। शिमला जिले के डोडरा क्वार से सांगला की तरफ निकले छह युवकों के ट्रैकिंग दल को आईटीबीपी की 50वीं वाहिनी के पांच जवानों सहित पुलिस थाना सांगला की रेस्क्यू टीम ने ढूंढ लिया है। उक्त युवकों का दल बर्फबारी होने के चलते रूपीन घाटी के समीप फंस गया था। उक्त युवकों को रेस्क्यू टीम ने बुधवार को करीब तीन बजे खोज निकाला और उन्हें जूस, केले इत्यादि खिलाकर सुरक्षित स्थान पर लाया। सभी युवकों की हालात दुरुस्त बताई जा रही है। इन युवकों को रूपीन घाटी पार कर सांगला लाया जाएगा।
ट्रैकिंग दल 21 सितंबर को डोडरा क्वार से जाखा के लिए निकला था। लगातार बारिश के चलते समयानुसार यह दल सांगला नहीं पहुंच पाया। पांच दिन बाद भी जब युवकों का दल सांगला नहीं पहुंचा तो उनकी छानबीन के लिए रोहडू और किन्नौर से रेस्कयू टीम 25 सितंबर से खोज के निकली। रेस्कयू दल में सांगला थाने से मुख्य आरक्षी पंकज, कपिल देव, आईटीबीपी 50वी वाहिनी के जवान एएसआई जगजीत सिंह, सीपाई नवीन लाल, नंदन सिंह, प्रकाश सिंह, जीवन लाल और स्थानीय गाइड मौजूद रहा। इस टीम ने करीब तीन बजे फंसे हुए ट्रेकरों का सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। युवकों के दल में आशुतोष शर्मा, आशुतोष, दीप राज, निखिल, हनी, पुनीत शामिल हैं। ये सभी युवक कोटखाई और जुब्बल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एसपी किन्नौर साक्षी वर्मा ने बताया कि सभी को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। इस दल को वीरवार को सांगला पहुंचाया जाएगा। सभी युवाओं का स्वास्थ्य ठीक है।