संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जिला किन्नौर के रिकांगपिओ के पास बोक्टू के गलाटी नामक स्थान पर जल शक्ति विभाग की करीब 60 मीटर सिंचाई नहर भूस्खलन की चपेट में आई है। इससे विभाग को करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, पोवारी में एनएच पांच भी यातायात के लिए ठप पड़ा हुआ है। बुधवार रात करीब 12:30 बजे सिंचाई नहर भूस्खलन की चपेट में आई। नहर में एक सेकेंड में 300 लीटर पानी का फ्लो रहता है। तेज बहाव के कारण 15 मीटर नहर पूरी तरह से ढह गई, जबकि करीब 45 मीटर नहर में दरारें आई हैं और इससे पानी निकलने से राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच बाधित हो गया है। लोगों के घरों में भी पानी घुसा। एनएच पर मलबा और बोल्डर आने के कारण यातायात बंद हो गया। इसकी सूचना प्रधान तेलंगी पंचायत भूपेंद्र नेगी ने बुधवार रात को ही जल शक्ति विभाग को दी।
सूचना मिलते ही दो बजे विभाग के कर्मचारियों ने रिकांगपिओ से सिंचाई नहर का पानी बंद किया अन्यथा अधिक नुकसान पहुंचा सकता था। नहर से करीब आठ पंचायतों कल्पा, कोठी, दुनी, ब्रेलंगी, ख्वांगी, युवारंगी, तेलंगी और शुदारंग के हजारों किसान-बागवानों को लाभ मिलता है। वीरवार को जल शक्ति विभाग रिकांगपिओ के एसडीओ राजेश्वर शर्मा, कनिष्ठ अभियंता दीपक नेगी और कनिष्ठ अभियंता प्रदीप ठाकुर 35 लोगों की टीम के साथ पानी को रिस्टोर करने में जुटे रहे।
तीन दिनों में नहर होगी दुरुस्त
भूस्खलन के कारण सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त हुई है। करीब 25 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। जल्द ही तीन दिनों के भीतर इसे दुरुस्त कर दिया जाएगा, ताकि किसान-बागवानों को सिंचाई का लाभ मिल सके।
अभिषेक शर्मा, एक्सईएन, जल शक्ति विभाग रिकांगपिओ