तांदी स्कूल के प्रधानाचार्य की
प्रशासनिक शक्तियां छीनी
बोर्ड की परीक्षा में स्वयं पेपर तैयार करके बच्चों से ली थी परीक्षा
उच्च शिक्षा निदेशक ने जारी किए आदेश, 2016 से चल मामले की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तांदी के कार्यवाहक प्रधानाचार्य अजय कुमार की प्रशासनिक शक्तियों को निदेशक उच्च शिक्षा विभाग शिमला ने तुरंत प्रभाव से वापस ले लिया है। अब उनकी जगह राजेश चौहान को नया कार्यभार सौंपने के आदेश जारी किए हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय हिमाचल प्रदेश से चार अक्तूबर को जारी एक पत्र के अनुसार यह कार्यवाही अमल में लाई गई है।
दो वर्ष पूर्व तांदी स्कूल में जमा एक की अनुपूरक परीक्षा का पेपर स्वयं स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य द्वारा बनाया गया और उसे करवा भी दिया गया। बोर्ड की परीक्षा में पेपर स्वयं डालने और करवाने के मामले ने काफी तूल पकड़ा था। बच्चों का भविष्य भी कटघरे में खड़ा हो गया। तत्कालीन एसएमसी ने प्रधान ग्राम पंचायत पलेही को एक शिकायत पत्र देकर मामले की जांच की गुहार लगाई थी, जिस पर पंचायत प्रधान पलेही लाल सिंह ठाकुर ने छात्रों के भविष्य को देखते हुए मामले की जांच की शिकायत उच्च शिक्षा निदेशक से की। मामले में अभी तक विभागीय जांच चल रही है और उक्त आरोपी अध्यापक को मामले में चार्जशीट किया गया था, लेकिन नए आदेशों के तहत अब फिलहाल अजय कुमार की प्रशासनिक शक्तियों को छीन लिया गया है।
शिकायतकर्ता पलेही पंचायत प्रधान लाल सिंह ने कहा कि उच्च शिक्षा निदेशक द्वारा की गई कार्रवाई से संतुष्ट हूं और उम्मीद करता हूं कि विभाग मामले की तह तक जाकर निष्पक्ष जांच करेगा। धर्मपाल प्रधानाचार्य दलाश एवं डीडीओ तांदी के अनुसार तांदी स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य की प्रशासनिक शक्तियों को वापस लेने के आदेश प्राप्त हुए हैं, जोकि मेल द्वारा उक्त स्कूल में भेजे जा चुके हैं और फोन पर भी सूचित कर दिया गया है।
तांदी स्कूल के इतिहास प्रवक्ता राजेश चौहान ने कहा कि कार्यवाहक प्रधानाचार्य अजय कुमार द्वारा दोपहर तीन बजे तक मुझे कोई भी कार्यभार नहीं दिया गया है। प्रधानाचार्य और डीडीओ तांदी धर्मपाल द्वारा सूचना मुझे जरूर दी गई है।