अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से आयोजित सात दिवसीय वार्षिक शिविर शनिवार को संपन्न हो गया। समापन अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष लाल चंद कौशल ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रधानाचार्य शिखा शर्मा ने की। वहीं मंच का संचालन शिक्षक सुदर्शन शर्मा ने किया। कार्यक्रम अधिकारी ने मुख्यातिथि का एनएसएस टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
दत्तनगर स्कूल के डीपीई चेतन शर्मा ने बताया कि सात दिवसीय एनएसएस शिविर का आयोजन कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र सिंह लक्टू की देखरेख में किया गया। इस शिविर में 62 स्वयंसेवियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के गीत से की। सात दिवसीय शिविर की प्रगति रिपोर्ट छात्र ने प्रस्तुत की। इसके बाद स्कूल की छात्रा वर्षा ने पंजाबी डांस पेश किया। दिव्या, शगुन और सुष्मिता ने फिल्मी गानों पर डांस पेश कर खूब वाहवाही लूटी।
स्वयंसेवी सौरभ, यक्षित, रोहित, देवेंद्र, सौरभ चौहान और सुमेश ने मोबाइल के बढ़ते प्रचलन और इसके दुष्परिणामों पर मौन नाटक पेश कर मौजूद लोगों को जागरूक किया। इसके अलावा छात्रा प्रीति, दीक्षा, पुष्पा, मीनाक्षी, दीपा और छात्र यक्षित, सौरभ, प्रदीप, रमन और प्रवीन ने पहाड़ी गानों पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दी। अंत में कमलेश, दीपिका, काजल, कौशल्या, प्रियंका, सोनिक, शिवानी, अनु, वर्षा, नगीता, शिवानी जोशी ने रंगारंग नाटी पेश कर झूमने पर विवश कर दिया।
मुख्यातिथि ने स्वयंसेवियों को समाज सेवा करने की प्रेरणा दी। उन्हें नशे से दूर रहने का आह्वान किया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य शिखा चौहान स्वयंसेवियों पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक स्तर की गतिविधियों में शामिल होने को लेकर प्रेरित किया। इस मौके पर बीएड कॉलेज प्रशिक्षु और स्कूल के अध्यापक मौजूद रहे।