रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज सभागार सोमवार को पहाड़ी तरानों से गूंजा। मौका था, रामपुर कॉलेज में अध्यनरत कोटगढ़-खनेटी एसोसिएशन के सांस्कृतिक कार्यक्रम का। सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में व्यवसायी ओपी मैहता बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश सचिव सुषमा मखैक बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहीं।
एसोसिएशन की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की और पहाड़ी नाटी पेशकर सभागार में मौजूद सभी लोगों को झूमने पर मजबूर किया। वहीं कॉलेज की छात्राओं ने वेस्टर्न डांस प्रस्तुत कर धमाल मचाया। इसके अलावा कोटगढ़ के परिधानों में सजे छात्र एवं छात्राओं ने नाटी पेशकर खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम में देर शाम तक विद्यार्थी खूब थिरकते रहे। एसोसिएशन के अध्यक्ष हरदीप सिंह ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य मकसद कोटगढ़-खनेटी क्षेत्र से संबंधित नव आगंतुकों का स्वागत करना है। वहीं उन्हें अपनी संस्कृति से रूबरू करवाना है।
मुख्यातिथि ने कहा कि छात्र एवं छात्राओं द्वारा अपनी संस्कृति को जीवित रखने का यह प्रयास काबिले तारीफ है। इसके अलावा कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि सुषमा मखैक ने कहा कि इस कार्यक्रम में छात्रों ने पारंपरिक संस्कृति को मंच पर जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर तनुज चौहान, अंशुल, महक चौहान, रुचि, पवन खलैई, विनोद रोच, दलीप सिंह जरेट, हैपी वर्मा और मोनिका वर्मा सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।