रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर के इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र में परिचय सत्र का आयोजन रविवार को हुआ। इस मौके पर पूर्व प्राचार्य डॉ. आरके कायस्था ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस सत्र में नवांगतुक छात्र-छात्राओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई।
पीजी कॉलेज रामपुर के इग्नू केंद्र के समन्वयक डॉ. सतीश नेगी ने सत्र का शुभारंभ स्वागत भाषण से किया। उन्होंने नए छात्रों को इग्नू की कार्यप्रणाली, अध्ययन केंद्र के क्रियाकलापों से संबंधित जानकारी मुहैया करवाई। इसके अलावा उन्होंने केंद्र में वर्ष भर होने वाली गतिविधियों टर्म एंड एक्जामिनेशन, लर्नर छात्रों की समस्याओं और उनके निराकरण के बारे में विस्तार से समझाया।
मुख्यातिथि डॉ. कायस्था ने इग्नू की भूमिका, समाज में शिक्षा के महत्व और प्रत्यक्ष रूप से या फिर शिक्षा से वंचित रहने वाले के लिए इग्नू को काफी कारगर बताया। उन्होंने समाज के उन लोगों से जो किसी कारणवश शिक्षा हासिल नहीं कर पाए हैं को इग्नू के माध्यम से शिक्षा हासिल कर जीवन में आगे बढने का संदेश दिया। मुख्यातिथि ने रामपुर केंद्र में छात्रों की संख्या में इजाफा होने के लिए शिक्षकों को बधाई दी।
सह समन्वयक डॉ. राम लाल नेगी ने सत्र में आए सभी छात्रों को भविष्य के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष इग्नू शिक्षा प्रणाली के तहत 250 नए छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। केंद्र में इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय के तहत शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों की कुल संख्या 890 पहुंच गई है।
इस मौके पर डॉ. प्रताप ठाकुर, नरबू नेगी, जय सिंह नेगी, पनमा नेगी, हेमलता, सतपाल सहित अन्य मौजूद रहे।