बादल फटने से हुए नुकसान का
जायजा लेने पहुंचे अधिकारी
कूट के लिए सड़क बाधित होने से सुरू गांव तक ही पहुंच पाई टीम
टीम में एसडीएम और डीएसपी समेत कई आला अधिकारी शामिल
एसडीएम ने कूट गांव के लिए जल्द पुल बनाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल की दुर्गम और आखिरी पंचायत के कूट गांव के जंगल में बादल फटने से हुए नुकसान का जायजा लेने शनिवार को प्रशासन की टीम सुरू गांव पहुंची। कूट सड़क बंद होने से प्रशासन की टीम कूट तक नहीं पहुंच पाई। मौके पर एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान, डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। एसडीएम ने कूट गांव को जोड़ने के लिए जल्द पुल का निर्माण करने के निर्देश दिए, जिसका कार्य आज से ही शुरू किया जाएगा।
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम को बादल फटने के कारण कूट खड्ड पर बने पांच पुल और एक निर्माणाधीन पुल की सामग्री बह गई है। पुल बहने के कारण कूट पंचायत का संपर्क अन्य क्षेत्रों से कट गया है। बादल फटने से आई बाढ़ के कारण सुरु गांव के कई घर खतरे की जद में आ गए हैं। ग्रामीणों की कई बीघा जमीन भी बाढ़ की चपेट में आ गई है। पंचायत के करीब आधा दर्जन गांव प्रभावित हुए हैं। शनिवार को एसडीएम और डीएसपी रामपुर के साथ प्रशासन की पूरी टीम कूट पंचायत में हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंची।
प्रशासन के दल को कुथरू से आगे सड़क बंद होने और सड़क में पहाड़ी से पत्थर गिरने की वजह से आगे जाने से रुकना पड़ा। यह टीम सुरु गांव का जायजा लेकर ही वापस आई। इस संबंध मेें एसडीएम नरेंद्र चौहान ने बताया कि भेड़ पालकों से सही सलामत होने की सूचना मिली है। ग्रामीणों को संपर्क सुविधा को जोड़ने के लिए पुल का जल्द निर्माण करने और पेयजल लाइनों को दुरुस्त कर ग्रामीणों को सस्ता राशन गांव तक पहुंचाने के निर्देश भी जारी किए हैं। कूट पंचायत प्रधान विजय नेगी बताया कि पंचायत क्षेत्र के खिउंचा गांव के कंडे में भेड़ों के साथ रह रहे भेड़ पालकों के सुरक्षित होने की सूचना मिली है।