रामपुर बुशहर। क्षेत्र में शराबबंदी को लेकर महिलाएं फिर लामबंद होने लगी हैं। क्षेत्र के मघारा गांव की महिलाओं ने गांव में शराब ठेका खोले जाने के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में रामपुर एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपकर यह शराब ठेका तुरंत प्रभाव से बंद करने की मांग की है।
महिलाओं ने स्थानीय प्रशासन को चेतावनी दी है कि गांव में खोला गया शराब को ठेका जल्द से जल्द बंद न किया गया तो वे उग्र आंदोलन छेड़ देंगी। मघारा गांव के महिलाओं और युवक मंडल के सदस्यों ने बताया कि मघारा गांव में जो शराब ठेका खोला गया है वहां आंगनबाड़ी, बस स्टॉप और मुख्य रास्ता होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
महिलाओं के अनुसार शराब ठेके के पास शराबी वहां से गुजर रही महिलाओं के साथ कई बार बदतमीजी पर भी उतर जाते हैं।
उन्होंनेे रोष जताया कि कई बार आबकारी एवं काराधान विभाग के अधिकारियों से उक्त शराब का ठेका हटाने की मांग की है, लेकिन आज तक इस संबंध में कोई कदम नहीं उठाया गया। अब अगर दो दिन के अंदर शराब का ठेका बंद नहीं किया गया तो प्रशासन और आबकारी एवं कराधान विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन छेड़ने के लिए विवश हो जाएंगे। उक्त प्रतिनिधिमंडल में महिला मंडल प्रधान दसनू देवी, सचिव गंगा देवी, वार्ड सदस्य पूजा, चमकली, रूपदासी, अशोक कुमारी, चुनी दवी, संगीता देवी, गौरा देवी, रक्षा देवी, रंजनी, युवक मंडल प्रधान वेद प्रकाश, सचिव दिलीप जोक्टा, पंकज सहित किसान सभा के बिहारी सेवगी और प्रेम चौहान मौजूद रहे। वहीं इस संबंध में सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी पप्पू कुमारी ठाकुर ने बताया कि उक्त ठेकेदार को मघारा गांव से ठेका स्थानांतरित करने के आदेश दिए गए हैं।