अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
खनेरी अस्पताल में समस्याओं का अंबार लगा है। इसके बाद भी अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक नहीं की जा रही है। अस्पताल प्रशासन आरकेएस की बैठक को लेकर रुचि नहीं दिखा रहा। अस्पताल में चरमराई व्यवस्था को सुधारने को लेकर कुछ नहीं किया जा रहा है। हालांकि रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर डॉ. निपुण जिंदल ने कई मर्तबा नोटिस जारी कर महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल के एमएस को जल्द बैठक करवाने के निर्देश दिए। लेकिन कई माह का समय बीत जाने के बाद भी बैठक करवाने को लेकर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही।
खनेरी अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं की देखरेख का जिम्मा रोगी कल्याण समिति के पास रहता है। यह समिति अस्पताल में स्वास्थ्य और मूलभूत समस्याओं को लेकर कई अहम निर्णय लेती है। लेकिन रोगी कल्याण समिति की बैठक न होने से अस्पताल की व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर, जन औषधि केंद्र सहित अन्य कई कार्य ठंडे बस्ते में पड़े हुए हैं, जिनको अमलीजामा पहनाने के लिए आरकेएस की बैठक में अहम निर्णय लिए जाने हैं। उधर, एसडीएम रामपुर डॉ. निपुण जिंदल ने लंबे समय से बैठक न होने पर कड़ा संज्ञान लेते हुए खनेरी अस्पताल के एमएस को नोटिस जारी कर जल्द बैठक करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि बार-बार सूचित करने के बाद भी अस्पताल प्रशासन रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित नहीं कर रहा। उधर, खनेरी अस्पताल के एमएस सुनील शर्मा ने कहा कि उन्हें एसडीएम रामपुर का नोटिस मिला है। 31 मार्च से पहले रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित कर ली जाएगी।