रोहड़ू। विकास खंड छौहारा में बीपीएल सूची में शामिल अपात्र लोगों को बाहर किया जाएगा। जो लोग पात्र होने के बावजूद बीपीएल की सूची में शामिल नहीं हो सके, उन्हें इसमें जगह दी जाएगी। पंचायत प्रधानों तथा सचिवों के साथ बीपीएल सूची में संशोधन करने के लिए बैठकों का आयोजन होगा। इसके लिए विकास खंड छौहारा की ओर से योजना तैयार की जा चुकी है। कार्य को सफल बनाने के लिए पांच फरवरी तक क्षेत्र में योजना का प्रचार प्रसार भी किया जाएगा।
योजना के तहत पांच फरवरी को पंचायत कार्यालय व खंड विकास कार्यालय में बीपीएल सूची उपलब्ध होगी। पांच फरवरी से 13 फरवरी तक खंड विकास अधिकारी कार्यालय में बीपीएल परिवारों की सूची से संबंधित शिकायतें ली जाएंगी। 15 से 18 फरवरी तक शिकायतों की वार्ड स्तर पर छंटनी होगी। 19 फरवरी से एक मार्च तक जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त कमेटी शिकायतों का सत्यापन करेगी। इसके बाद बीपीएल सूची की चर्चा के लिए वार्ड स्तर पर उप ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। सभाओं के दौरान ही सत्यापन कमेटी की उपस्थित में सभी आपत्तियों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह कार्य तीन मार्च से 14 मार्च तक होगा। 19 मार्च से 23 मार्च तक सत्यापन कमेटी की ओर से दी गई समस्त रिपोर्ट का खंड स्तर पर आकलन किया जाएगा। इसके बाद सभी पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं में समिति की रिपोर्ट को रखा जाएगा तथा अपात्र लोगों को बीपीएल की सूची से बाहर कर पात्र लोगों को शामिल किया जाएगा। 23 अप्रैल से 26 अप्रैल तक खंड विकास अधिकारी की ओर से सभी रिपोर्टों को उपायुक्त शिमला के समक्ष रखा जाएगा। खंड विकास अधिकारी छौहारा विजयकांत नेगी ने बताया कि बीपीएल परिवारों की सूची से अपात्र लोगों को हटाने की यह प्रक्रिया 23 अप्रैल तक चलेगी। इसके लिए योजना तैयार कर दी गई है। इस संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार प्रसार भी किया जाएगा।