सरकारी जमीन से हटेंगे अवैध कब्जे
नेरवा में स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई से लोगों में हड़कंप
प्रशासन ने भठीनाला में अतिक्रमण हटाने के मुहिम की शुरू
इसके बाद नेरवा बाजार में शिहक्यार तक हटाए जाएंगे कब्जे
लोक निर्माण विभाग ने कब्जा हटाने के लिए लोगों को 15 दिन
अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा में सड़क के किनारे सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए लोगों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद प्रशासन ने बाजार में अतिक्रमण हटाने के मुहिम शुरू कर दी है। प्रशासन ने भठीनाला से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की है। इसके बाद नेरवा बाजार में शिहक्यार तक अतिक्रमण हटाने की मुहिम चलेगी। प्रशासन द्वारा अब तक की गई कार्रवाई में कई लोगों के छज्जे सरकारी भूमि में पाए गए हैं।
वहीं प्रशासन की ओर से की जा रही कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। नेरवा बाजार में कई दुकानदारों के दुकानों के छज्जे सड़क की तरफ बढ़े हुए हैं और कई लोगों ने भवन सड़क के बिल्कुल सटा कर बना दिए हैं। जिस कारण सड़क संकरी हो गई है। बाजार की संकरी सड़कों में जाम की समस्या काफी गंभीर हो गई है।
हालांकि इन लोगों को प्रशासन ने पंद्रह दिनों के भीतर सरकारी भूमि खाली करने के निर्देश भी दे दिए हैं। प्रशासन की इस सख्ती के बाद साफ हो गया है कि यदि लोग स्वयं ही सरकारी भूमि को खाली नहीं करते हैं। तो बाजार में प्रशासन का हथौड़ा चलना निश्चित है। भूमि की निशानदेही करने वाली प्रशासनिक टीम में लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, पुलिस विभाग व राजस्व विभाग के कर्मचारी व अधिकारी शामिल है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कुछ लोगों ने दुकानों के बाहर लगाए छज्जों को हटाना शुरू कर दिया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता योगेश शर्मा ने बताया कि जिन लोगों ने लोक निर्माण विभाग की जमीन पर अतिक्रमण किया है। उन्हें 15 दिन में जमीन खाली करने के नोटिस दिए जा रहे हैं। यदि 15 दिनों के भीतर लोग जमीन खाली नहीं करते हैं तो विभाग स्वयं कार्रवाई करेगा। विभाग की ओर से कार्रवाई की स्थिति में कब्जे हटाने में होने वाला खर्चा भी कब्जाधारी व्यक्ति को देना होगा।