मुख्य सड़क बंद, वैकल्पिक मार्ग भी खस्ताहाल
पर्यटन नगरी सराहन में लोग झेल रहे हैं परेशानी
ज्यूरी-नानण-बोंडा आठ किमी मार्ग में पड़े गड्ढे
अमर उजाला ब्यूरो
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। पर्यटन नगरी सराहन और मां भीमाकाली सराहन के लिए बनी सड़क बीते दो वर्षों से वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से ठप पड़ी है। वहीं वैकल्पिक मार्ग भी खस्ताहाल हो गया है। लोगों मेें रोष है कि लोक निर्माण विभाग मुख्य सड़क को यातायात के लिए बहाल नहीं कर पाया और अब वैकल्पिक मार्ग को भी दुरुस्त नहीं कर रहा है।
ज्यूरी-नानण-बोंडा करीब आठ किलोमीटर वैकल्पिक मार्ग कच्चा होने के कारण आवाजाही मेें काफी दिक्कतें आ रही हैं। उक्त सड़क कच्ची और संकरी होने से यातायात खासा प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों और भीमाकाली मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उक्त सड़क के खस्ताहाल होने से खासी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। क्षेत्र के अमोलक राज, बलवंत, ठाकुर दास, नरेश, प्रकाश, रमेश, सुरेश कुमार, टेक चंद, संजय कुमार, राम स्वरूप, गोपाल सिंह और रमेश कुमार के अनुसार दो साल में न तो मुख्य सड़क खुली और न ही वैकल्पिक सड़क की स्थिति सुधरी है। यही हाल रहा तो उन्हें मजबूरन कोर्ट ही जाना पड़ेगा।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता पीआर नेगी और एसडीओ किशोरी लाल के अनुसार वैकल्पिक सड़क को पक्का करवाने का टेंडर हो चुका है। जल्द सड़क ही हालत दुरुस्त होगी।